home page

जींद : दो दिन से बिजली, पानी की सप्लाई ठप होने पर गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

 | 
जींद : दो दिन से बिजली, पानी की सप्लाई ठप होने पर गुस्साए लोगों ने लगाया जाम


जींद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने और पेयजल संकट से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को पटियाला चौक पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और डीएसपी रिषभ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जाम लगाए लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। अधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

लोगों ने मांग की कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके और जनजीवन सामान्य हो। उनका कहना था कि बिजली व पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं के लंबे समय तक बाधित रहने से आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। अब लोगों को बिजली आपूर्ति बहाल होने और पानी की समस्या दूर होने का इंतजार है। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

जाम लगाए लोगों का कहना था कि बिजली गुल रहने से उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और अब घरों में पीने के पानी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले दो दिनों से बिजली नहीं आने के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। शुरुआत में लोगों ने इनवर्टर के सहारे पंखे, लाइट और मोबाइल चार्जिंग जैसे जरूरी काम चलाने की कोशिश की लेकिन लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई। इसके बाद घरों में रोशनी, हवा और मोबाइल चार्ज करने तक की समस्या खड़ी हो गई। भीषण परेशानी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने बताया कि बिजली नहीं होने का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है। शहर के बाहरी इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो रहा है। बिजली के अभाव में समरसेबल पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिसके कारण घरों की टंकियां नहीं भर पा रही हैं। पानी की कमी के चलते खाना बनाने, नहाने, कपड़े धोने और अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा