सोनीपत:मंडासा मार खेत में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, पत्नी संग की लामणी
सोनीपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश
में गेहूं कटाई अपने चरम पर है। हाल ही में आंधी और बारिश से फसल खराब होने की आशंका
के बीच सहकारिता मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा रविवार को खेत में पहुंचे और किसानों के साथ
समय बिताया। मंत्री अपनी पत्नी डॉ रीटा शर्मा के साथ मंडासा मारकर खेत में उतरे और
मजदूरों के साथ मिलकर लामणी की।
गांव
चलो, बस्ती चलो अभियान के कार्यक्रमों के बाद मंत्री गांव सलारपुर माजरा से गोहाना
लौट रहे थे। रास्ते में गांव बिधल के पास बदलते मौसम से फसल को हुए नुकसान की संभावना
जानने के लिए उनका काफिला राजमार्ग से पहले रजबाहे के पास एक खेत में रुक गया। यहां
मंत्री ने खेत मालिक के परिवार और गेहूं काट रही महिलाओं से बातचीत कर हालात समझे।
खेत
में काम कर रहीं महिलाओं से चर्चा के दौरान मंत्री के मन में खुद गेहूं काटने की इच्छा
जागी। इसके बाद वे दरांती लेकर पत्नी के साथ सीधे खेत में उतर गए। दोनों ने मजदूरों
के साथ काफी देर तक गेहूं की लामणी की और पूलियां भी बांधीं। खेत मालिक के परिवार द्वारा
बनाया गया भोजन भी उन्होंने खेत में बैठकर किया और आभार जताया।
एक विडियो
संदेश में मंत्री ने बताया कि बचपन में वे अपने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पिता के साथ
खेतों में काम करते थे और कई बार गेहूं कटाई कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी और
खेत से लगाव रखने वाला व्यक्ति खेत में उतरते ही काम में रम जाता है। मंत्री ने कहा
कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसान परिवार से हैं और
किसानों की समस्याओं को समझते हैं। प्रदेश की मंडियों में खरीद शुरू हो चुकी है और
सरकार किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित कर रही है।
सरकार गेहूं का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। मौके
पर पर बिधल के पूर्व सरपंच करतार मलिक, कृष्ण, राजेश पंडित, रजनीश मलिक, नवीन, संदीप
शर्मा, सुरेश आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

