home page

गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी किसानों के साथ भद्दा मजाक: जेजेपी

 | 
गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी किसानों के साथ भद्दा मजाक: जेजेपी


नूंह, 23 अक्टूबर (हि.स.)। गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के विरोध में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने शुक्रवार को नूंह में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष नासिर हुसैन बदरूद्दीन अड़बर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे किसानों के साथ भद्दा मजाक बताया। विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम 25 रुपये का ड्राफ्ट एसडीएम नूंह को सौंपा गया। उपायुक्त की अनुपस्थिति में ड्राफ्ट और ज्ञापन सौंपकर सरकार के प्रति रोष जताया गया। इसके अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने के विरोध में भी ज्ञापन दिया गया।

जेजेपी के जिला प्रवक्ता राहुल जैन ने बताया कि जिला अध्यक्ष नासिर हुसैन के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई और खेती की बढ़ती लागत के बीच गेहूं के एमएसपी में केवल 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किसानों की समस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता दर्शाती है। जिला अध्यक्ष नासिर हुसैन बदरूद्दीन अड़बर ने कहा कि केंद्र सरकार ने गेहूं के समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी कर किसान विरोधी सोच उजागर की है। उन्होंने मांग की कि खेती की लगातार बढ़ती लागत और किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए गेहूं के एमएसपी में कम से कम 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है। सरसों और गेहूं की बिजाई का समय होने के बावजूद किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। सरकार को इन समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। नासिर हुसैन ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और अपनी मेहनत से पूरे देश का पेट भरता है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जिला अध्यक्ष ने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित हो और किसी भी योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया