पानीपत: विवाहिता ने कराया दहेज उत्पीड़न व मारपीट का केस दर्ज
पानीपत, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिला के इसराना में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ननदों पर दहेज उत्पीड़न व मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस में बुधवार काे शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह 20 वर्ष पूर्व इसराना के दिनेश के साथ हुआ था। निकाह में उसके परिवार ने करीब लाखों रुपए खर्च किए थे। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही शराबी पति दिनेश उसे 10 लाख रुपए और गाड़ी लाने के लिए प्रताड़ित करने लगा। शिकायत के अनुसार, जब भी बच्चे पैदा हुए, ससुराल पक्ष ने 'पिलिया' की रस्म के दौरान भी अपनी मांगें जारी रखी। आरोप है कि ससुरालियों ने सोने की चेन, बालियां और नकदी की मांग की और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। मामला मेडिएशन सेंटर, पानीपत भी भेजा गया, लेकिन पति दिनेश ने पत्नी को साथ रखने से साफ मना कर दिया। महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही है और उसके सारे आभूषण अभी भी ससुरालियों के कब्जे में है। जांच अधिकारी सपना द्वारा की गई जांच में पाया गया कि महिला के पति दिनेश ने उसके साथ मारपीट व दहेज के लिए तंग किया और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, जांच में सास और ननदों के खिलाफ दहेज मांगने के आरोपों में सच्चाई नहीं पाई गई, बल्कि यह पाया गया कि वे घर बसाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस जांच के बाद पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

