जींद : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
जींद, 24 जून (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने लजवाना खुर्द निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उसके पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में हांसी क्षेत्र के भाटोल बास निवासी प्रेम ने बताया कि उसकी बेटी सीमा रानी की शादी वर्ष 2020 में लजवाना खुर्द निवासी अंकित के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसकी बेटी को दहेज को लेकर प्रताडि़त किया जाता था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पति और सास लगातार अधिक दहेज की मांग करते थे तथा मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बेटी के साथ मारपीट भी की जाती थी।
शिकायत में बताया गया कि 23 जून की रात सूचना मिली थी कि सीमा रानी की डेड बॉडी सुंदर ब्रांच नहर के पास मिली है। परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नही होने के कारण उसकी बेटी को प्रताडि़त किया गया और उसकी मौत के लिए पति तथा सास जिम्मेदार हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति अंकित और उसकी मां सावित्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाटोल गांव निवासी प्रेम ने बुधवार को आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। हत्या की साजिश पतिअंकित और उसकी माता ने रची है। आग से अंकित को कोई भी चोट नही आई जबकि उनकी बेटी सीमा के हाथ व कान जल चुके थे। अंकित ने जानबूझ कर उसे नहर में गिराया है। बुधवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

