home page

पलवल: पहले ताे कोरोना काल में घट गई ट्रेनें, अब आठ लोकल का संचालन भी बंद

 | 

पलवल, 03 सितंबर (हि.स.)। कोरोना काल के बाद से ही पलवल के दैनिक रेल यात्री ट्रेनों के संचालन की कमी से जूझ रहे थे। अब फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते पलवल-दिल्ली रेलमार्ग पर आठ लोकल ट्रेनों का संचालन स्थगित होने से दैनिक यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

रेलवे ने एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक आठ ईएमयू एवं लोकल ट्रेनों को रद्द किया है। इससे दिल्ली, फरीदाबाद और गाजियाबाद की ओर रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य कामों के लिए जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

रद्द की गई ट्रेनों में 64015 पलवल-शकूरबस्ती, 64057 पलवल-गाजियाबाद, 64012 शकूरबस्ती-पलवल, 64013 पलवल-शकूरबस्ती, 64052 गाजियाबाद-पलवल, 64078 नई दिल्ली-पलवल, 64908 शकूरबस्ती-बल्लभगढ़ और 64071 बल्लभगढ़-शकूरबस्ती शामिल हैं।

पलवल से बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थी प्रतिदिन दिल्ली, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए लोकल ट्रेन सबसे सस्ता और सुविधाजनक साधन है। यात्रियों का कहना है कि कोरोना काल के बाद कई यात्री ट्रेनें पहले की तरह नियमित रूप से उपलब्ध नहीं हैं। यहां दैनिक रेल यात्री एसोशिएशन महासचिव प्रकाश चंद मंगला ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी यूनियन पिछले पांच-छह वर्षों से रद्द की गई ट्रेनों का पुनः संचालन तथा पलवल से गुजरने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनों के ठहराव की मांग करते आ रहे हैं। इसके लिए वे डीआरएम से लेकर रेल मंत्री तक कई बार मिलकर ज्ञापन भी दे चुके हैं उनकी मांग और कोई संज्ञान नहीं लिया गया। ऐसे में अब निर्माण कार्य के कारण कुछ और ट्रेनों का संचालन बंद होने से मुश्किल बढ़ गई है।

यात्रियों के अनुसार, लोकल ट्रेन का पास होने के बावजूद ट्रेन रद्द होने पर बस, मेट्रो या अन्य साधनों का किराया देना पड़ रहा है। इससे रोजाना यात्रा का खर्च बढ़ गया है। यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान प्रभावित रूट पर वैकल्पिक ट्रेनें या परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

रेलवे मुख्यालय के आदेश के अनुसार फरीदाबाद स्टेशन पर विकास कार्य रात के समय कराया जाएगा। एक सितंबर और 15 अक्टूबर की रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक ढाई घंटे का ब्लॉक रहेगा। वहीं दो सितंबर से 14 अक्टूबर तक रोजाना रात 12:05 बजे से 3:05 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा।

रेलवे का कहना है कि रात में काम कराने का उद्देश्य सुरक्षा के साथ निर्माण कार्य को जल्द पूरा करना है, ताकि दिन में ट्रेनों का संचालन कम से कम प्रभावित हो।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग