हिसार : कोयले की बोरियों में छुपाकर ले जाई जा रही डोडा पोस्त की खेप बरामद
पुलिस के एएनसी स्टाफ ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तारहिसार, 07 जून (हि.स.)। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल बड़ी सफलता हासिल करते हुए कोयले की बोरियों के बीच छुपाकर ले जाई जा रही 550 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एएनसी प्रभारी उप निरीक्षक इन्द्र सिंह गोदारा ने रविवार काे बताया कि वे स्वंय अपनी टीम के साथ गश्त के दौरान आदमपुर क्षेत्र के गंव मोहब्बतपुर बस अड्डा के पास थे। इसी दौरान सूचना मिली कि भादरा की तरफ से एक गाड़ी आदमपुर की तरफ आएगी, जिसमें कोयले की बोरियां भरी है औश्र काले रंग का तिरपाल बंधा हुआ है। गाड़ी में कोयले की बोरियों के अलावा काफी मात्रा में चूरा पोस्त भी बीच में छुपाकर रखा गया है। सूचना के अनुसार यह गाड़ी भादरा से आदमपुर होते हुए भट्टू कलां जाएगी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होने अपनी टीम को सूचित करके मोडाखेड़ा नाका पर पहुंचकर नाकाबंदी शुरु की। थोडी देर में एक गाड़ी भादरा की तरफ से आती हुई दिखाई दी। गाड़ी को रूकवाकर चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम मेहूवाला निवासी रोहताश बताया।एएनसी प्रभारी इन्द्र सिंह गोदारा ने बताया कि ट्रक की तलाशी ली गई तो कोयले की बोरियों के बीच छुपाकर रखे गए 28 काले रंग के कट्टों में कुल 550 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह खेप राजस्थान से लाई गई थी तथा इस अवैध कारोबार में अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता है। पुलिस ने आदमपुर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

