home page

सोनीपत: चिकित्सक से मारपीट के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल

 | 
सोनीपत: चिकित्सक से मारपीट के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल


सोनीपत, 07 मार्च (हि.स.)। करनाल जिले के घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक

के साथ कथित मारपीट और अवैध हिरासत के विरोध में शनिवार को सोनीपत जिले में भी सरकारी चिकित्सक हड़ताल पर रहे। इस कारण कई अस्पतालों में बाह्य

रोगी विभाग की सेवाएं प्रभावित रहीं।

हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सोनीपत जिले के लगभग

135 चिकित्सकों ने बाह्य रोगी विभाग की सेवाएं बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। इसके चलते

सिविल अस्पताल सोनीपत सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य

केंद्र और नागरिक अस्पतालों में सामान्य ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं। सिविल अस्पताल सोनीपत में सामान्य दिनों में लगभग दो हजार मरीज उपचार के लिए

बाह्य रोगी विभाग में पहुंचते हैं। हड़ताल के कारण शनिवार को कई मरीजों को परेशानी

का सामना करना पड़ा। हड्डी रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, दंत रोग, बाल रोग और सामान्य

चिकित्सा सहित कई विभागों की ओपीडी सेवाएं बंद रहीं। कई मरीजों को बिना उपचार के लौटना

पड़ा, जबकि कुछ को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा।

हालांकि गंभीर मरीजों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाएं चालू रखी गईं।

प्रसूति कक्ष, गहन चिकित्सा कक्ष, नवजात गहन चिकित्सा इकाई, पोस्टमार्टम तथा अन्य जरूरी

सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। संघ के अनुसार करनाल जिले के घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य

केंद्र में ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सा अधिकारी के साथ मारपीट और कथित अवैध हिरासत

की घटना हुई थी। इस घटना के विरोध में चिकित्सकों में रोष है और वे आरोपित पुलिसकर्मियों

के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 मार्च को

प्रदेश के जिला पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से

सात मार्च को प्रदेशभर में ओपीडी सेवाएं बंद कर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।

सिविल अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी ज्योत्सना ने बताया कि हड़ताल के दौरान

परामर्शदाता चिकित्सक और आयुष विभाग के चिकित्सकों द्वारा ओपीडी सेवाएं सीमित रूप से

संचालित की गईं, ताकि मरीजों को अधिक परेशानी न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना