हांसी : सोशल मीडिया पर ना करें हथियारों का प्रदर्शन, अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई : अमित यशवर्धन
हांसी, 09 मार्च (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अमित
यशवर्धन ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन करना, उनके साथ
फोटो या वीडियो बनाकर पोस्ट करना तथा लोगों में भय या दहशत का माहौल पैदा करना कानूनन
अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने साेमवार काे कहा कि वर्तमान
समय में कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि पर
अवैध या लाइसेंसी हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर अपनी झूठी धाक जमाने का प्रयास
करते हैं। इस प्रकार की गतिविधियां समाज में गलत संदेश देती हैं तथा युवाओं को भी भटकाने
का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों का इस प्रकार प्रदर्शन करना आर्म्स एक्ट
सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। यदि कोई व्यक्ति सोशल
मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध संबंधित थाने
में मामला दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की कि वे
अपने बच्चों और युवाओं को इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें
तथा सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने बताया कि
जिला पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई
व्यक्ति हथियारों का प्रदर्शन करते हुए फोटो या वीडियो अपलोड करता हुआ पाया गया तो
उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि कानून व्यवस्था
बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधि नजर आए तो
तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

