home page

हरियाणा में बनेंगी जिलावार फसल खरीद योजनाएं और एसओपी

 | 

किसानों को फसल बेचने के लिए करना होगा एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण

चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में फसल खरीद प्रबंधों की अग्रिम और फुल प्रूफ तैयारी सुनिश्चित करने के लिए जिलावार खरीद योजना बनाई जाएगी ताकि फसलों की खरीद सुचारू और निर्बाध ढंग से की जा सके। इसके लिए बाकायदा जिलावार एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाकर आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त खरीद केन्द्र व स्टोरेज स्पेस चिन्हित किए जाएंगे। साथ ही, प्रदेश में एग्रीस्टेक पोर्टल के क्रियान्वयन की देखरेख के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है।

यह निर्देश हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज यहां आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य किसानों की असुविधा कम करना तथा कृषि उपज की समय पर खरीद, उठान और भंडारण सुनिश्चित करना है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि फसल उत्पादन, मंडियों में संभावित आवक, मौजूदा खरीद ढांचे और भंडारण की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिलावार खरीद योजनाएं और अलग-अलग एसओपी तैयार की जाएं। मंडियों में भीड़भाड़ और किसानों के इंतजार को कम करने तथा खरीद कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त खरीद केंद्रों और भंडारण स्थलों की पहले से पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि फसलों की आवक शुरू होने से काफी पहले खरीद की योजना तैयार कर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जानी चाहिए।

रस्तोगी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्यों को एग्रीस्टेक पोर्टल का सौ फीसदी क्रियान्वयन करने के लिए कहा गया है। आगामी खरीद सीजन से एग्रीस्टेक डेटा के आधार पर ही फसल खरीद की जाएगी। इसलिए किसानों को एग्रीस्टेक पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण करना होगा ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया की निगरानी और इसमें तेजी लाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, कृषि, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा बागवानी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा