हांसी में लगे गंदगी के ढेर हटाने को लेकर अधिकारियों व सफाई कर्मचारियों में विवाद
एसडीएम व विधायक द्वारा ट्राली में डाले गए कचरे
को हड़ताली कर्मचारियों ने सड़क पर फेंका
प्रशासन व सफाई कर्मचारी हुए आमने-सामने, पिछले
13 दिन से हड़ताल पर है सफाई कर्मचारी
हांसी, 13 मई (हि.स.)। पिछले 13 दिनों से चली
आ रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था को दुरुस्त
करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने सामाजिक संगठनों की मदद से गंदगी के ढेरों को
हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान हड़ताली कर्मचारियों द्वारा गंदगी के ढेरों हटाने
का विरोध किए जाने से बड़ा बवाल हो गया। कचरे के ढेर लगने पर प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं
और जनप्रतिनिधियों ने खुद सफाई अभियान शुरू किया, जिसका हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध
किया।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बुधवार सुबह
विधायक विनोद भयाना, एसडीएम राजेश खोथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ
विश्रामगृह के सामने सड़क पर फैले कचरे को उठाकर ट्रॉली में डाल रहे थे। इसी दौरान
बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों समेत हड़ताली सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और
उन्होंने विधायक विनोद भयाना व प्रशासनिक अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा सड़क
पर फैले कचरे को उठाने पर विरोध जताया।
विरोध कर रहे कर्मचारियों ने कचरे से भरी ट्रॉली
के उपर चढकर ट्राली में डाले गए कचरे को दोबारा सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। स्थिति
बिगड़ते देख प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी पीछे हट गए जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों
ने नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस ने सफाई कर्मचारियों को लिया हिरासत में
हड़ताली सफाई कर्मचारियों द्वारा नारेबाजी तथा
विरोध किए जाने के बाद स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने महिला सफाई कर्मचारियों सहित सभी
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाकर शहर थाना ले जाया गया। जहां करीब
दो घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों का समर्थन करने पर सर्व
कर्मचारी संघ हरियाणा के कैशियर सुरेंद्र यादव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों व सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने विश्रामगृह व विश्वकर्मा
के समीप कचरे के ढेर को वहां से हटा दिया।
इस दौरान सुरेंद्र यादव ने बताया कि सफाई कर्मचारियों
की हड़ताल को 13 दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने हठधर्मिता के चलते हड़ताल को समाप्त
करवाने की पहल तक नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों से काम तो करवाना
चाहती है, लेकिन उनकी मांगों का समाधान नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा
कि यदि हड़ताली कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गईं तो सर्व कर्मचारी संघ पूरे हरियाणा
में बड़ा आंदोलन और बंद का आह्वान करने से गुरेज नहीं करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

