home page

जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज

 | 
जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज


जींद, 13 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे को लेकर पांच दिन शेष हैं। प्रधानमंत्री के जींद आगमन को लेकर प्रशासन कोई कोर कसर नही छोडऩा चाह रहा है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर करनाल डिवीजन के कमिश्नर राजीव रतन सोमवार को जींद पहुंचे और डीसी डा. वैशाली शर्मा के साथ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कमिश्नर राजीव रतन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पार्किंग व्यवस्था, रूट प्लान, वीवीआईपी, वीआईपी तथा आमजन के प्रवेश एवं निकासी मार्गों को लेकर विशेष सावधानी बरती जाए। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही हरियाणा के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी जींद से ही करेंगे।

बैठक में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों, वाहनों की पार्किंग, आमजन की सुविधाए यातायात नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए गए कि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जाए। कमिश्नर ने कहा कि इतने बड़े स्तर के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिस अधिकारी और विभाग को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी गंभीरता और तत्परता से निभाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी प्रदीप कुमार, आरटीए गिरीश कुमार, रोडवेज महाप्रबंध राहुल जैन, नगराधीश मोनिका रानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा