home page

हरियाणा में कॉलेजों को लेनी हाेगी डिजिटल अध्ययन सामग्री

 | 

- नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया से जुड़ने के निर्देश

- उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी कॉलेजों को जारी किया पत्र

चंडीगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी सहायता प्राप्त (गवर्नमेंट एडेड) कॉलेजों में छात्रों और शिक्षकों को डिजिटल अध्ययन सामग्री से जोड़ने के लिए उच्च शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जिन कॉलेजों ने अभी तक 'नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया' की संस्थागत सदस्यता (इन्स्टिट्यूशनल मेंबरशिप) नहीं ली है, उन्हें शिक्षा विभाग ने पत्र जारी कर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन पूरा करने का अंतिम निर्देश दिया है।

उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश के सभी एडेड कॉलेजों के प्राचार्यों को जारी पत्र में कहा गया है कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ कॉलेजों ने तो पोर्टल पर जाकर संस्थागत सदस्यता ले ली है, लेकिन कई कॉलेजों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इस लापरवाही पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

छात्रों और शिक्षकों को विभिन्न विषयों, भाषाओं (हिंदी, अंग्रेजी व अन्य क्षेत्रीय भाषाएं) और श्रेणियों की ई-बुक्स, रिसर्च पेपर्स, वीडियो लेक्चर्स और स्टडी मटीरियल का एक्सेस बिना किसी शुल्क के मिलता है। पारंपरिक लाइब्रेरी की सीमाओं (जैसे किताबों की सीमित संख्या या वहां जाने की मजबूरी) को खत्म कर छात्र कहीं से भी 24/7 पढ़ाई कर सकते हैं।

इसमें प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के पिछले सालों के प्रश्न पत्र, मॉक टेस्ट और उत्तर कुंजी उपलब्ध हैं। शोधकर्ताओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र एक ही क्लिक पर मिल जाते हैं। कॉलेजों को इन्स्टिट्यूशनल मेम्बरशिप मिलने से उनके सभी छात्रों और शिक्षकों को एक एकीकृत प्लेटफॉर्म के तहत पंजीकृत कर उनकी अध्ययन गतिविधि और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को ट्रैक व प्रोत्साहित किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा