home page

डीएचपीपीसी की बैठक आयोजित, पाइप तथा हाई-पावर जल पंपों की खरीद को मंजूरी

 | 

चंडीगढ़, 23 जून (हि.स.)। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को सिविल सचिवालय में विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति (डीएचपीपीसी) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश में आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण के लिए निर्णय लिए गए। बैठक में डीएचपीपीसी के सदस्य और प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान समिति ने जल भराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पाइप तथा हाई-पावर जल पंपों की खरीद से संबंधित सभी 16 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इन उपकरणों और सामग्रियों की खरीद पर प्रदेश सरकार द्वारा 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व्यय की जाएगी।

मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार के इस कदम से प्रदेश के संवेदनशील और निचले इलाकों में जल निकासी व्यवस्था को भारी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी सभी सामग्रियों की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित की जाए। आपूर्तिकर्ताओं द्वारा निर्धारित आपूर्ति कार्यक्रम का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसून के आने से पहले की तैयारियों में किसी भी प्रकार की देरी या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने भी विभागीय स्तर पर किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह त्वरित निर्णय जमीनी स्तर पर बाढ़ नियंत्रण में गेम-चेंजर साबित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा