home page

हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय पर पुलिस बल तैनात करने की मांग

 | 

-चंडीगढ़ धमाके का हवाला देकर डीजीपी को लिखा पत्र

चंडीगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सुरक्षा का हवाला दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज ने शुक्रवार को हरियाणा पुलिस महानिदेशक को लिखा पत्र मीडिया में जारी करते हुए बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर 37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बम धमाका हो चुका है। सुरक्षा एजेंसियां अभी इस मामले की जांच कर रही हैं। चंडीगढ़ में हरियाणा व पंजाब के राजनीति दलों के मुख्यालय हैं। इनके बाहर अक्सर पुलिस की गश्त रहती है और पुलिस बल तैनात रहता है। दूसरी तरफ हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के सेक्टर नौ स्थित मुख्यालय की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, यह सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित है।

संजीव भारद्वाज के अनुसार, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह अक्सर चंडीगढ़ के सेक्टर नौ स्थित मुख्यालय में रहते हैं। प्रदेश में भी उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। राव नरेंद्र द्वारा जिलों में कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें चंडीगढ़ तथा हरियाणा में पुलिस की पायलट जिप्सी का कवर प्रदान किया जाए तथा एचपीसीसी मुख्यालय की सुरक्षा को मजबूत करते हुए यहां पुलिस बल तैनात किया जाए। इसके अलावा समय-समय पर पुलिस के बम निरोधक दस्ते, डॉग स्कवायड आदि की जांच को यकीनी बनाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा