नशा तस्करों की संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई होगी तेज
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को बैठक में दिए निर्देश
राज्य में अब तक सार्वजनिक स्थानों पर लगाए सवा लाख सीसीटीवी
होटल, ज्वैलरी शॉप व मार्केट में भी लगवाए जाएंगे कैमरे
चंडीगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करों द्वारा अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार अटैच करने तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए।
डीजीपी शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय पंचकूला में प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में नशा तस्करों के नेटवर्क तोडऩे सहित कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीजीपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आपराधिक मामलों को सुलझाने में सीसीटीवी कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश में अब तक लगभग 1.25 लाख सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि होटल, ज्वेलरी शॉप, बैंक, आरडब्ल्यूए, मार्केट और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय किया जाए। इससे अपराधियों की पहचान करने और आपराधिक घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
बैठक में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की पुलिस अधीक्षक सृष्टि गुप्ता ने एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही जांच, कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों, संगठित नशा तस्करी गिरोहों की पहचान तथा के-9 डॉग स्क्वॉड के माध्यम से नशे का पता लगाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

