यमुनानगर:विधायक ने विकास कार्यों का लिया जायजा, गुणवत्ता पर सख्त रुख
यमुनानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में अधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भगवानगढ़ में निर्माणाधीन बैडमिंटन कोर्ट, सामुदायिक केंद्र, सड़कों और माजरी क्षेत्र के विकास कार्यों का अवलोकन किया। इसके साथ ही चनेटी में सामुदायिक भवन एवं वाल्मीकि भवन तथा बुढ़िया में आंगनवाड़ी केंद्र और पार्क का औचक निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक कार्य तय समयसीमा में पूर्ण होना चाहिए। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। विधायक अरोड़ा ने कहा कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के समग्र उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार के सहयोग से करोड़ों रुपये की लागत से विकास परियोजनाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

