home page

नूंह: धूल फांक रही एंटी स्मॉग गन को ट्रैक्टर से खींचकर ले गए कर्मचारी

 | 
नूंह: धूल फांक रही एंटी स्मॉग गन को ट्रैक्टर से खींचकर ले गए कर्मचारी


नूंह, 26 नवंबर (हि.स.)। नूंह शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लाखों रुपये की लागत से नगर परिषद में लाई गई एंटी स्मॉग गन कई महीनों से कार्यालय परिसर में धूल फांक रही थी। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लाई गई यह मशीन नगर परिषद परिसर में सफेद हाथी बनी हुई थी। ग्रेप-3 लागू होने के बावजूद इसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था।

एंटी स्मॉग गन मशीन के लंबे समय से खड़े रहने और इसके इस्तेमाल नहीं होने के का यह स्टार्ट नहीं हो पाई इसके बाद नूंह नगर परिषद के कर्मचारियों ने एंटी स्मॉग गन मशीन को कार्यालय परिसर से बाहर निकालने की कवायद शुरू की। हालांकि, मशीन को बाहर निकालने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार ट्रैक्टर से जोड़कर एंटी स्मॉग गन को वहां से ले जाया गया।

गौरतलब है कि एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल हवा में पानी की महीन फुहारों का छिड़काव कर धूल के कणों को कम करने के लिए किया जाता है। खासकर प्रदूषण का स्तर बढ़ने और ग्रेप-3 जैसी पाबंदियां लागू होने के दौरान ऐसी मशीनों की उपयोगिता बढ़ जाती है। इसके बावजूद लाखों रुपये की लागत से लाई गई मशीन का कई महीनों तक नगर परिषद परिसर में खड़ा रहना और प्रदूषण बढ़ने के दौरान भी इसका इस्तेमाल नहीं होना जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता रहा।

अब कर्मचारियों ने ट्रैक्टर के जरिए मशीन को परिसर से बाहर तो निकाल दिया है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई इस मशीन का नियमित संचालन कब शुरू होगा। क्या नगर परिषद इसे प्रदूषण नियंत्रण अभियान में शामिल कर शहरवासियों को राहत दिला पाएगी या यह मशीन आगे भी केवल कागजों और तस्वीरों तक ही सीमित रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया