home page

जींद : सरकार का लक्ष्य पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना : डा. मिड्ढा

 | 
जींद : सरकार का लक्ष्य पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना : डा. मिड्ढा


जींद, 19 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि नायब सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की नीतियां जरूरतमंद और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित हैं और इसी कड़ी में यह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर राहत मिल सके।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा गुरूवार को लघु सचिवालय परिसर में आयोजित चेक वितरण समारोह के दौरान अपने स्वैच्छिक कोटे से 62 जरूरतमंद व्यक्तियों व विभिन्न समितियों को कुल एक करोड़ 33 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित करने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने कहा कि आज वितरित की गई यह राशि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी। वे इस सहायता राशि के जरिये अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से संबंधित सभी जरूरतों को पूरा कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकें। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। जिससे पात्र लोगों तक सीधे लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रहना पड़े। इस मौके पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एसडीएम सत्यवान सिंह मान और सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति और सभी लाभार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा