सीएम विंडो पर शिकायतों के निस्तारण में नूंह प्रदेश में छठे स्थान पर
नूंह, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विंडो पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में नूंह जिले ने प्रदेशभर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान हासिल किया है। 27 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई समग्र प्रदर्शन रैंकिंग में जिले को 100 में से 77 अंक मिले हैं। जिले की इस उपलब्धि को शिकायतों के समाधान की दिशा में प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणाली के रूप में देखा जा रहा है।शुक्रवार को हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त राजस्व एवं आपदा प्रबंधन डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त अखिल पिलानी ने नूंह जिले में मुख्यमंत्री विंडो पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया।उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री विंडो के माध्यम से अब तक कुल 42,551 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से 39,134 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 3,417 शिकायतें लंबित हैं। समग्र प्रदर्शन के तहत जिले को शिकायतों पर कार्रवाई शुरू करने के लिए 20 में से 18 अंक, कार्रवाई रिपोर्ट अपलोड करने के लिए 25 में से 21 अंक, लंबित एवं समयसीमा से अधिक मामलों के प्रदर्शन में 25 में से 14 अंक तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए 30 में से 24 अंक प्राप्त हुए हैं।उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 तक की लंबित शिकायतों की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 11,679 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से 11,547 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 132 शिकायतें लंबित हैं। इनमें 37 शिकायतें निर्धारित समयसीमा से अधिक अवधि से लंबित हैं। इसके अलावा 27 शिकायतों में स्पष्टीकरण तथा 48 मामलों में मल्टीमार्किंग की स्थिति दर्ज की गई है।उपायुक्त ने बताया कि जिले में 30 दिन से अधिक समय से ऐसी कोई शिकायत लंबित नहीं है, जिस पर कार्रवाई शुरू नहीं की गई हो या कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत न की गई हो। इसी तरह 90 दिन, छह माह, एक वर्ष और दो वर्ष से अधिक समय वाली श्रेणियों में भी बिना कार्रवाई रिपोर्ट के लंबित मामलों की संख्या शून्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

