हिसार : बिजली निगमों के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
हिसार, 16 जून (हि.स.)। ऑल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन की राज्य
कमेटी के आह्वान पर सातरोड़ सब डिवीजन में कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर विरोध
प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान बोबिन्द्र हुड्डा ने की, जबकि
संचालन सचिव मुकेश कुमार खांडा ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य उपप्रधान जगमिंद्र पूनिया, यूनिट
सचिव रमेश सातरोड़िया, सह-सचिव मुकेश गौतम तथा सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक नेता हरिकेश
ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली निगमों के निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ा रही है, जिसका
कर्मचारी संगठन पुरजोर विरोध करता है।
वक्ताओं ने मंगलवार काे आरोप लगाया कि किसानों को बिजली उपलब्ध कराने के नाम पर अलग कंपनी
बनाकर ‘डिस्कॉम’ के माध्यम से किसानों
को दी जाने वाली बिजली सब्सिडी समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि
प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना से निगम और उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये
का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
यूनियन नेताओं ने यह भी कहा कि निजीकरण के तहत गुरुग्राम और नूंह क्षेत्रों
को निजी कंपनियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे भविष्य में उपभोक्ताओं
को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इन नीतियों
के विरोध में आज पूरे हरियाणा में सब यूनिट स्तर पर कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर विरोध
जता रहे हैं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने निजीकरण और स्मार्ट
मीटर जैसी योजनाओं को वापस नहीं लिया तो कर्मचारी, किसान, मजदूर और छात्र संगठनों के
साथ मिलकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

