home page

जींद : गन्ना उत्पादक किसानों ने शुगर मिल पर किया प्रदर्शन

 | 
जींद : गन्ना उत्पादक किसानों ने शुगर मिल पर किया प्रदर्शन


जींद, 21 नवंबर (हि.स.)। गन्ना किसानों ने आगामी पेराई सत्र से पहले गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया और दी सहकारी चीनी मिल लिमिटेड जींद के प्रबंध निदेशक को मांगपत्र सौंप कर गन्ने का भुगतान 15 दिनों के अंदर करने और स्थायी एमडी की नियुक्ति सहित सात मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित नहीं किया गया तो मिल परिसर में धरना व प्रदर्शन किया जाएगा और मिल का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

भाकियू व द जय किसान गेन कॉओप मल्टीपर्पज सोसायटी लिमिटेड के आह्वान किसान शुगर मिल पर एकत्रित हुए और रोष जताया। सोसायटी प्रधान अजमेर, भाकियू जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार, राजराजी ढुल पोंकरीखेड़ी, जोगेंद्र सुरेश ने बताया कि किसानों ने मांगपत्र में कहा कि गन्ने की फसल का भुगतान निर्धारित 15 दिनों की अवधि में किया जाए। यदि किसी कारण से भुगतान में देरी होती है तो किसानों को ब्याज सहित राशि दी जाए। इसके अलावा चीनी मिल में स्थायी प्रबंध निदेशक की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई गई है।

किसानों ने मिल तक गन्ना लेकर पहुंचने वाले रास्तों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने विशेष रूप से सफीदों रोड की मरम्मत करवाने और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की ताकि किसानों को गन्ने से भरे वाहन लेकर आने.जाने में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके। मांगपत्र में जींद-पटियाला चौक से नरवाना रोड बाईपास तक बने करीब छह स्पीड ब्रेकर हटवाने की मांग भी की गई है।

किसानों का कहना है कि इन ब्रेकरों के कारण गन्ने से भरे वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। वहीं मिल के खाली गेट के सामने जरूरत के अनुसार ब्रेकर बनवाने की मांग की गई है ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। किसानों ने बताया कि चीनी मिल के संचालन का निर्धारित कार्यक्रम 10 दिसंबर है। इससे पहले उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा