home page

जींद : एसएफआई कार्यकर्ताओं ने किया शहर में प्रदर्शन

 | 
जींद : एसएफआई कार्यकर्ताओं ने किया शहर में प्रदर्शन


जींद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को रानी तालाब पर स्टूडेंट्स फैडरेशन ऑफ इंडिया और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया ने रोष प्रदर्शन किया। बीआर अंबेडकर चौक से शुरू हुआ प्रदर्शन शहर के विभिन्न मार्गों से निकाला गया। इसमें विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन की अध्यक्षता एसएफआई हरियाणा के राज्य अध्यक्ष अक्षय माहला और डीवाईएफआई के जिला अध्यक्ष अजायब ने की। राज्य अध्यक्ष मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े फार्म छह के नियमों और प्रक्रियाओं में बदलाव को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि एसआईआर के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने से लोगों के मताधिकार पर खतरा पैदा हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं।

राज्य सचिव नरेश दनोदा ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए युवाओं को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द किया जाए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का तुरंत प्रभाव से इस्तीफा लिया जाए। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा