हिसार : गेहूं के एमएसपी में 25 पैसे प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी किसानों से भद्दा मजाक : जेजेपी
पीएम के नाम भेजा 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट, एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों
में विसंगतियों की निष्पक्ष जांच की मांग
हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने को जिला अध्यक्ष
अनिल बालकिया के नेतृत्व में गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 25
रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन
सौंपा। पार्टी ने इस बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री
के नाम 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी भेजा। इसके अलावा, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)
के तहत मतदाता सूचियों में सामने आई संभावित विसंगतियों की निष्पक्ष जांच और पात्र
मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा की मांग को लेकर भी अलग से ज्ञापन सौंपा गया। दोनों
ज्ञापन जिला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे गए।
जेजेपी ने गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी पर रोष जताते
हुए कहा कि रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं का एमएसपी 2610 रुपये प्रति क्विंटल
निर्धारित किया गया है। पार्टी के अनुसार, बढ़ती महंगाई के दौर में यह बढ़ोतरी किसानों
की लागत के मुकाबले बेहद कम है। खेती में इस्तेमाल होने वाले खाद, बीज, कीटनाशक और
कृषि मशीनों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा
है।
जेजेपी ने गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के विरोध
में प्रधानमंत्री के नाम 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भेजा। पार्टी ने इसे किसानों की
मेहनत के प्रति सरकार के रवैये के विरोध का प्रतीक बताया। नेताओं ने कहा कि सरकार को
किसानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए एमएसपी में पर्याप्त बढ़ोतरी करनी
चाहिए, ताकि खेती लाभकारी बन सके।
दूसरे ज्ञापन में जेजेपी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता
सूचियों से संबंधित सामने आई चिंताओं और संभावित विसंगतियों की निष्पक्ष जांच की मांग
की। पार्टी ने ज्ञापन में विभिन्न सार्वजनिक रिपोर्टों का हवाला देते हुए देशभर में
लगभग 13 करोड़ और हरियाणा में करीब 37 लाख मतदाताओं के नामों के विलोपन अथवा मतदाता
सूचियों में अनुपलब्धता से संबंधित आंकड़ों का उल्लेख किया।
पार्टी ने इन आंकड़ों की आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर जांच कर वास्तविक स्थिति
स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही, यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि किसी भी पात्र
नागरिक का नाम प्रक्रियागत त्रुटि या अभिलेखीय विसंगति के कारण मतदाता सूची से न छूटे।
जेजेपी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही
सुनिश्चित करने तथा पात्र मतदाताओं के नामों को नियमानुसार सूची में शामिल करने की
मांग भी उठाई। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, सत्यवान बिचपड़ी, राजमल काजल, अजीत
ओडीम, गुलाब सिंह खेदड़, जिला प्रवक्ता रवि आहूजा, युवा जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, राजेश
झाझड़िया, नेकीराम दौलतपुर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता
मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

