home page

हिसार में डेयरी संचालक की हत्या पर बवाल, आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

 | 
हिसार में डेयरी संचालक की हत्या पर बवाल, आरोपियों के एनकाउंटर की मांग


पोस्टमार्टम के बाद भड़का परिजनों का गुस्सा, सैकड़ों लोगों ने सड़क पर बैठकर

किया प्रदर्शन

गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

हिसार, 05 अगस्त (हि.स.)। शहर के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की बेरहमी

से पीट-पीटकर हत्या के मामले में बुधवार को शहर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अग्रोहा

मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहर के

व्यस्त जिंदल चौक पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों

की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सैंकड़ों लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ

जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के इतने घंटे बीत जाने के बावजूद

मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी,

सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल सहित पुलिस

के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत

कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने तक

सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूर्यनगर निवासी डेयरी संचालक जीवन अपनी

बाइक-ट्रॉली से गोबर डालने जा रहा था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे 10 से 12 युवकों

ने उसे रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर उसे तब

तक पीटते रहे, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश नहीं हो गया। वारदात को अंजाम

देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन जीवन को अस्पताल लेकर

पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जीवन का करीब एक मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसे

उसने उपचार के दौरान बनाया था। वीडियो में उसके पैरों पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई

दे रहे हैं। उसने पड़ोसी रमेश और उसके साथ मौजूद 15 से 20 लोगों पर हमला करने का आरोप

लगाया। जीवन ने कहा कि आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसकी टांग तोड़ दी।

जानकारी के अनुसार जीवन और उसके पड़ोसी रमेश के बीच करीब डेढ़ महीने से गोबर

डालने को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले डेयरी में हौद बनाने के दौरान भी दोनों

पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय हुई मारपीट में जीवन की पत्नी अमन पर भी बरछी से

हमला किया गया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर