हिसार : पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत
पुरानी रंजिश में 20-30 युवकों पर हमला करने का आरोप
13 नामजद समेत 15-16 अन्य के खिलाफ हत्या का केस
हिसार, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में
पुरानी रंजिश के चलते हुए झगड़े में 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप
है कि पेट्रोल पंप पर हुए विवाद के बाद 20-30 युवकों ने दोनों भाइयों पर डंडों और तेजधार
हथियारों से हमला किया। जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुसे युवक को
हमलावरों ने वहां भी नहीं बख्शा। गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती युवक
की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव खारा बरवाला निवासी रजनीश
के रूप में हुई है।
मृतक के भाई गौतम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार रात वह अपने भाई
रजनीश के साथ बाइक पर आदमपुर से दूध लेकर गांव लौट रहा था। बाइक में हवा कम होने पर
दोनों पंवार फिलिंग स्टेशन पर रुक गए। वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ उनका विवाद
हो गया। आरोप है कि इसके बाद करीब 20-30 युवक मौके पर पहुंच गए और दोनों भाइयों पर
हमला कर दिया। रजनीश जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गया। आरोप है
कि हमलावर उसके पीछे कार्यालय में पहुंचे, शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला और मारपीट की।
गौतम किसी तरह पेट्रोल पंप की दीवार के पीछे छिपकर बच गया।
हमलावरों के चले जाने के बाद गौतम ने परिजनों को सूचना दी। रजनीश को आदमपुर
नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया
गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
13 नामजद, 15-16 अन्य पर भी आरोप
आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र ने बताया कि गौतम की शिकायत के आधार पर मंडी
आदमपुर निवासी सुमित, खारा बरवाला निवासी अक्षय जाजूदा, रोडू, नैना, सदलपुर निवासी
शेखर, जवाहर नगर निवासी बब्बर, रुपेश उर्फ भकलू, धक्का बस्ती निवासी गजराज उर्फ संदीप,
खारा बरवाला निवासी जयसुखदेव उर्फ मोनू, सुनील, मंडी आदमपुर निवासी जैलदार उर्फ कुलदीप,
खारा बरवाला निवासी अनिल उर्फ कुकिया और अजय समेत 13 लोगों को नामजद किया गया है। शिकायत
में 15-16 अन्य लोगों के भी हमले में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न
धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सीन ऑफ क्राइम टीम ने आवश्यक
साक्ष्य जुटाए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

