home page

पानीपत में टेंपू ने चार साल के बच्चे को कुचला, हुई मौत

 | 
पानीपत में टेंपू ने चार साल के बच्चे को कुचला, हुई मौत


पानीपत, 14 मई (हि.स.)। पानीपत की फौजी नगर कॉलोनी में तेज रफ्तार टेंपू की टक्कर से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर अज्ञात टेंपू चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फौजी नगर में किराए पर रहने वाले वीर बहादुर ने बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है। जिनमें बड़ी बेटी आठ साल, मंझला बेटा साढ़े पांच साल व सबसे छोटा सत्यम चार साल का था।

वीर बहादुर ने बताया कि उसके बच्चे गांव में दादा-दादी के पास रहते थे, लेकिन उन्हें स्कूल में दाखिला दिलवाने के लिए वह इसी साल पानीपत लाया था। यहां बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलवाया था। वीर बहादुर ने बताया कि उनका चार साल का छोटा बेटा सत्यम 13 मई को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक लोडिंग टेंपू वहां तेज रफ्तार से आया और उसने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सत्यम का सिर सीधे जमीन पर जा लगा, जिससे उसे सिर और कोहनी पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर टेंपू चालक फरार हो गया। घायल बच्चे को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान 13 मई की रात को मासूम सत्यम की मौत हो गई। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी विनोद ने बताया कि गुरुवार को वीर बहादुर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा