home page

सोनीपत: दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित

 | 
सोनीपत: दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित


सोनीपत: दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित


-अमर बलिदानी दादा

कुशाल सिंह दहिया के 351वें बलिदान दिवस पर आयोजित हुआ नमन समारोह

सोनीपत, 15 नवंबर (हि.स.)। अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया के 351वें बलिदान दिवस

पर रविवार को बढ़खालसा मेमोरियल कॉम्प्लेक्स में अमर बलिदानी कुशाल सिंह चैरिटेबल एंड

वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से नमन समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री नायब

सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा, डॉ. प्रभलीन सिंह और राज नेहरू सहित अनेक

गणमान्य व्यक्तियों ने दादा कुशाल सिंह दहिया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि

दी। इस अवसर पर नगर निगम के मेयर राजीव जैन, सरदार गुलाब सिंह, पूर्व ओएसडी कैप्टन

भूपेंद्र, वीर सिंह और योगेश सिलानी सहित विभिन्न खापों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा ने कहा कि श्री

गुरु तेग बहादुर जी और दादा कुशाल सिंह दहिया जैसे महान बलिदानियों का इतिहास धार्मिक

स्वतंत्रता, मानवीय गरिमा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की रक्षा की प्रेरणा देता

है। उनके आदर्शों को पारिवारिक और सामाजिक जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने परिवारों में बच्चों के साथ घटते संवाद और मोबाइल फोन के बढ़ते प्रभाव पर

चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें सही दिशा

देनी चाहिए। मजबूत परिवार ही मजबूत समाज और राष्ट्र की नींव हैं।

उन्होंने ग्रामीण युवाओं से सरकारी और निजी नौकरियों पर निर्भर

रहने के बजाय उद्यमिता और स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय

संसाधनों से छोटे उद्योग शुरू कर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। समारोह में

लगी स्वदेशी प्रदर्शनी में मोटे अनाज से बने बिस्कुट सहित विभिन्न उत्पाद ग्रामीण क्षेत्रों

में उद्यमिता की संभावनाओं का उदाहरण हैं। युवाओं को समूह बनाकर छोटे व्यवसाय शुरू

करने चाहिए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री

मनोहर लाल कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो सके। उनका संदेश पढ़कर सुनाया

गया। संदेश में उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता

की रक्षा के लिए सर्वोच्च त्याग बताया तथा दादा कुशाल सिंह दहिया के योगदान को नमन

किया।

मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह ने कहा कि गुरु तेग

बहादुर जी की शहादत हिंदू और सिख समुदायों के बीच ऐतिहासिक भाईचारे और एक-दूसरे की

धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा का उदाहरण है। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की धार्मिक स्वतंत्रता

की रक्षा के लिए गुरु साहिब द्वारा दिए गए बलिदान का उल्लेख किया। उन्होंने भाई मती

दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि गुरु

साहिब ने उन धार्मिक परंपराओं की रक्षा के लिए भी अपना शीश दिया, जिनका पालन वे स्वयं

नहीं करते थे।

ओएसडी राज नेहरू ने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया ने अपना

शीश देकर धर्म, संस्कृति और मानवता की रक्षा की महान परंपरा को आगे बढ़ाया। उनका बलिदान

आने वाली पीढ़ियों को साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

समारोह में वर्ष 1675 की ऐतिहासिक घटनाओं और महान बलिदानियों

के जीवन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सभी ने पौधारोपण भी किया। अर्जुन पुरस्कार

और ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, वीर सैनिकों तथा प्रगतिशील

किसानों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान पर हरियाणवी

गायक फौजी द्वारा तैयार नए गीत का लोकार्पण किया गया और माटी वंदन पोस्टर जारी किया

गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना