हिसार : हथियारबंद युवकों का आतंक, तीन लाख की मंथली से इनकार पर दो व्यापारी भाइयों पर जानलेवा हमला
घर में घुसकर गंडासे, चाकू और लोहे
की रॉड से पीटा, एक भाई आईसीयू में भर्ती
सीसीटीवी में हथियार लहराते दिखे पांच-छह
युवक, दुकानदारों में खौफ
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। हिसार में
पुलिस के कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई
है। तीन लाख रुपए की मंथली देने से इनकार करने पर पटेल नगर निवासी परचून व्यापारी भाइयों
सुनील और सोनू पर पांच-छह हथियारबंद युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर गंडासे,
चाकू, लोहे की रॉड और डंडे लेकर घर में घुसे और दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटा। हमले
में दोनों घायल हो गए, जबकि सुनील की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया
गया है। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके के दुकानदारों में खौफ का
माहौल है।
पीड़ित सोनू के अनुसार, कार्तिक और
उसके साथी पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे और हर महीने तीन लाख रुपए
मंथली देने का दबाव बना रहे थे। बुधवार शाम भी फोन कर पैसे देने के लिए कहा गया था।
सोनू ने बताया कि देर रात वे दोनों भाई कार में बैठे थे, तभी युवकों ने उन्हें घेर
लिया और हमला कर दिया। सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे व डंडों से वार किए गए, जबकि उसके
भाई सुनील के पेट में चाकू और गंडासे से हमला किया गया। आरोप है कि पैसे नहीं देने
पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में पांच-छह युवक हथियारों
के साथ घर में घुसकर दोनों भाइयों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। एक बुजुर्ग महिला
उन्हें रोकने और बचाने का प्रयास करती नजर आती है, लेकिन हमलावर नहीं रुकते। वारदात
के बाद युवक घर के बाहर गली में हथियार लहराते हुए दिखाई देते हैं। घर के बाहर टूटा
दरवाजा और बिखरे कांच के टुकड़े भी वारदात की भयावहता बयां कर रहे हैं। घटना के बाद
इलाके के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है
कि हमलावरों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे इलाके में हथियार लेकर घूमते
हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी करमजीत सिंह
ने बताया कि घायलों के बयान लेने के लिए पीएलए चौकी इंचार्ज अनूप सिंह को अस्पताल भेजा
गया था। पीएलए चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर आरोपियों के
खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही
है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

