home page

जींद : युवक की हत्या कर लाश को बैड में छिपाया

 | 
जींद : युवक की हत्या कर लाश को बैड में छिपाया


जींद, 24 अप्रैल (हि.स.)। गांव नंदगढ़ में बैड से एक व्यक्ति का गली-सड़ी हालत में शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मृतक के भाई की शिकायत पर नंदगढ़ गांव निवासी रामकेश व मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या तेजधार हथियारों से की गई है। पूरे घर में खून फैला हुआ था। मकान से जब बदबू आई तो इसके बारे में पता चला।

गांव नंदगढ़ निवासी 40 वर्षीय चांद अविवाहित था और अपने भाई सतबीर के साथ ही उसके मकान में रहता था। 22 अप्रैल को सुबह चांद घर से निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। आसपास तलाशने पर उसका कोई सुराग नहीं लगा। सतबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्रामीणों ने 22 अप्रैल को मोहित व रामकेश ने उसके भाई चांद के साथ मारपीट करते हुए देखा था। शुक्रवार सुबह सतबीर मोहित के घर गया। मोहित भी अपने मकान में अकेला ही रहता था।

सतबीर ने बाहर से कुंडी खोली और मोहित के घर में दाखिल हुआ। उसे घर में कोई नहीं मिला। सतबीर को घर के अंदर से बदबू आने लगी। उसने मकान के अंदर जाकर देखा तो वहां चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। जब उसने मोहित के बैड को खोल कर देखा तो उसमें उसके भाई का शव गली, सड़ी हालत में मिला। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी और पुलिस को भी दी। सूचना पाकर डीएसपी रिषि सोढ़ी व जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और फारेंसिंक टीम को बुला कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने सतबीर की शिकायत पर रामकेश व मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को जानकारी देते हुए डीएसपी रिषभ सोढ़ी ने बताया कि पुलिस ने रामकेश व मोहित के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा