home page

कैथल: मंडियों पर अब डीसी कार्यालय की सीधी नजर, सीसीटीवी से होगी लाइव निगरानी

 | 
कैथल: मंडियों पर अब डीसी कार्यालय की सीधी नजर, सीसीटीवी से होगी लाइव निगरानी


कैथल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने मंडियों की निगरानी और कड़ी कर दी है। उपायुक्त अपराजिता ने वीरवार को विस्तार अनाज मंडी का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जिले की सभी मंडियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की एक्सेस उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यालय से ही मंडियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंडी में धान की ढेरियों पर पहुंचकर अलग-अलग तीन नमी मापक यंत्रों से धान की नमी की जांच करवाई। इसके अलावा कांटे पर एक बैग का वजन करवाकर खरीद प्रक्रिया की जांच की। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर मंडी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार खरीद तथा उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने मंडी में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। मौके पर एक किसान की बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी करवाई गई। आढ़तियों की मांग पर मंडी में पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

धान खरीद के दौरान मंडियों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने तकनीक का सहारा लिया है। उपायुक्त ने जिले की सभी मार्केट कमेटियों के सचिवों को निर्देश दिए हैं कि अपनी-अपनी मंडियों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की एक्सेस उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाएं। जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी इन कैमरों की केंद्रीकृत एक्सेस स्थापित करेंगे। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय से मंडियों की गतिविधियों की लाइव निगरानी की जा सकेगी।

उपायुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित करना है। मंडीवार निगरानी के लिए पीडब्ल्यूडी कार्यकारी अभियंता डिविजन-1 को पुरानी व नई अनाज मंडी कैथल, तहसीलदार कैथल को अतिरिक्त अनाज मंडी कैथल व बाबा लदाना, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को चीका व रामथली तथा मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को कलायत मंडी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को अरनौली व भागल, जन स्वास्थ्य विभाग डिविजन-1 के कार्यकारी अभियंता को सीवन व राधे-राधे मार्बल चीका, सिंचाई विभाग पूंडरी डिविजन के कार्यकारी अभियंता को राजौंद व पाई, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ को ढांड व साइलो अडानी सोलू माजरा तथा पीडब्ल्यूडी डिविजन-2 के कार्यकारी अभियंता को पूंडरी व कौल मंडी की निगरानी सौंपी गई है।

उपायुक्त ने नोडल अधिकारियों को मार्केट कमेटियों, राइस मिलरों, किसानों और खरीद एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीद, गेट पास, उठान अथवा अन्य किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कैथल संजय कुमार, एसडीएम कलायत अजय हुड्डा, एसडीएम गुहला मनीष यादव, डीएफएससी सुरिंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे