सिरसा: बेटी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार
सिरसा, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले क्षेत्र में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता नशे का आदी है। सदर थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी ने सोमवार को बताया कि गांव खैरेकां निवासी कविता ने की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर परिवार के साथ लड़ाई-झगड़ा करता था।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने तीन बच्चों को पड़ोस में रहने वाली अपनी मां के घर छोडक़र गई थी। इसी दौरान 29 अगस्त की शाम को उसका पति राकेश नाथ वहां पहुंचा और 15 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता राकेश नाथ को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या के कारणों सहित वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

