हिसार : आदमपुर में ट्रेनों की लेटलतीफी और निरस्तीकरण से दैनिक यात्री परेशान
पंचायत व सामाजिक संगठनों ने स्टेशन अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
हिसार, 20 अक्टूबर (हि.स.)। श्री गंगानगर-दिल्ली और मेरठ-श्रीगंगानगर रेलमार्ग
पर संचालित गाड़ी संख्या 14029 व 14030 के लगातार विलंब से चलने और बार-बार निरस्त
होने के कारण आदमपुर क्षेत्र के दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा
है। समस्या के समाधान की मांग पर ग्राम पंचायत जवाहर नगर और विभिन्न सामाजिक संगठनों
के प्रतिनिधियों ने मंगलवार काे मंडी आदमपुर के स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रेलवे
प्रशासन से ट्रेनों का संचालन सुचारू करने और यात्रियों की समस्या का स्थायी समाधान
करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार काे बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से इन रेलगाडिय़ों का संचालन
प्रभावित है। ट्रेनें पांच से सात घंटे तक की देरी से पहुंच रही हैं या अचानक निरस्त
कर दी जाती हैं। इससे यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और उन्हें समय व धन
का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ट्रेनों के अनिश्चित संचालन के कारण यात्रियों को अपनी
यात्रा की योजना बनाने में भी कठिनाई हो रही है। प्रतिनिधियों ने कहा कि ट्रेनों की
लेटलतीफी का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों और रोजाना रेल से सफर करने वाले नौकरीपेशा
लोगों पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों में समय पर पहुंचने में दिक्कत
होती है, जबकि कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर समय से पहुंचना चुनौती बन गया है। ट्रेनें
निरस्त होने की स्थिति में यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे
उनका खर्च भी बढ़ जाता है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि रेलगाडिय़ों
की समय-सारणी दुरुस्त की जाए और उनका नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी कारणवश
ट्रेन निरस्त करनी पड़े, तो यात्रियों को समय रहते इसकी सूचना दी जाए, ताकि वे वैकल्पिक
व्यवस्था कर सकें। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं
किया गया, तो क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम
पंचायत जवाहर नगर के सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप ज्याणी, सेवा भारती आदमपुर खंड के अध्यक्ष
राजेंद्र शर्मा, इकाई उपाध्यक्ष डा. विनोद कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आदमपुर
खंड कार्यवाह रामाकांत, अधिवक्ता राकेश राणा, विनोद मांझू और राकेश कुमार सहित कई गणमान्य
व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

