home page

यमुनानगर:बच्चों को साइबर खतरों से बचाने के लिए सतर्क रहें अभिभावक:कमलदीप गोयल

 | 
यमुनानगर:बच्चों को साइबर खतरों से बचाने के लिए सतर्क रहें अभिभावक:कमलदीप गोयल


यमुनानगर, 20 मई (हि.स.) यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अभिभावकों से बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना परिवारों की बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कहा कि वर्तमान दौर में बच्चे मोबाइल फोन, ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग कर रहे हैं। साइबर अपराधी इसी माध्यम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी लिंक, संदिग्ध चैट, वीडियो कॉल और ऑनलाइन गेम के जरिए बच्चों को निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में निजी जानकारी हासिल कर आर्थिक ठगी, ब्लैकमेलिंग और डेटा चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे अनजान लोगों के संपर्क में आकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा कर देते हैं, जिससे परिवार भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ सकता है। ऐसे मामलों में सतर्कता और समय पर जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि समय रहते दी गई सूचना से नुकसान को रोका जा सकता है।

उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत से बचने, किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को डाउनलोड न करने तथा निजी जानकारी साझा न करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही मोबाइल और इंटरनेट उपयोग में पैरेंटल कंट्रोल का प्रयोग करने और सोशल मीडिया गतिविधियों पर नियमित नजर रखने की भी अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार