home page

कैथल: निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर 3.63 लाख की साइबर ठगी

 | 
कैथल: निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर 3.63 लाख की साइबर ठगी


कैथल, 06 अगस्त (हि.स.)। ऑनलाइन टास्क पूरा करने और निवेश पर अधिक मुनाफा देने का लालच देकर 3.63 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में कैथल साइबर क्राइम पुलिस ने गुरुवार काे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच और पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीवन निवासी संजय सैनी ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी थी कि छह जुलाई को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया था। संदेश में विभिन्न ब्रांडों के प्रचार से जुड़े ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर रोजाना कमाई का लालच दिया गया था। शुरुआत में एक प्रोडक्ट का स्क्रीनशॉट भेजने पर उसे 200 रुपये का जॉइनिंग बोनस भी दिया गया, जिससे उसे आरोपियों पर विश्वास हो गया।

इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां रिव्या अग्रवाल नाम से एक महिला उससे टास्क और निवेश संबंधी जानकारी साझा करने लगी। आरोपियों ने पहले उससे 1000 रुपये निवेश करवाए और 30 प्रतिशत लाभ के साथ 1300 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद उसका भरोसा बढ़ गया और ठगों ने अलग-अलग किस्तों में उससे पांच हजार, 21 हजार 800, 49 हजार 800, 16 हजार 800, 80 हजार, 1.65 लाख और 25 हजार रुपये विभिन्न यूपीआई आईडी और बैंक खातों में जमा करवा लिए।

शिकायत के अनुसार ठगों ने ओएएसआईएस नाम से एक फर्जी वॉलेट बनाकर उसमें लाभ सहित 4 लाख 66 हजार 380 रुपये की राशि दिखाई और पैसे निकालने के लिए उससे 2.50 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस को शिकायत दी। इस मामले में आरोपियों ने उससे कुल तीन लाख 63 हजार 400 रुपये की ठगी की।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई रवि कुमार की अगुवाई में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने जांच करते हुए गांव साखनी, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी असलम अब्बास और मोद अब्बास को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस आरोपियों से साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे