सोनीपत: बिजनेस लालच में साइबर ठगी, पांच आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
सोनीपत, 23 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने बिजनेस के नाम पर पैसे कमाने का झांसा देकर तीन लाख 73 हजार रुपये की साइबर
ठगी करने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को
राजस्थान के कोटा, मोखापोड़ा और झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के
कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड, एक पासबुक और 65 सौ रुपये नगद बरामद किए गए
हैं, जबकि दो लाख तीन हजार 60 रुपये की राशि बैंक खातों में फ्रीज करवाई गई है।
पुलिस
अधिकारियाें ने साेमवार काे बताया कि इस संबंध में 23 दिसम्बर 2025 को सोनीपत निवासी एक महिला ने थाना साइबर में शिकायत दी।
महिला ने बताया कि 16 दिसम्बर को वह टेलीग्राम चला रही थी, तभी उसे बिजनेस का ऑफर मिला।
लिंक पर क्लिक करने के बाद एक महिला से बातचीत हुई, जिसने होटल और रेस्टोरेंट को ऑनलाइन
लाइक करने के बदले कमाई का झांसा दिया। शुरुआत में विश्वास बनाने के लिए उसके खाते
में छोटी-छोटी रकम भेजी गई, जिससे महिला भरोसे में आ गई।
इसके
बाद अलग-अलग बहानों से उससे विभिन्न खाते में लगभग दो लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए
गए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने खाते के फ्रीज होने का बहाना बनाकर
और रकम मांगनी शुरू कर दी। शक होने पर महिला ने पैसे देने से मना किया, तब ठगी का खुलासा
हुआ। थाना साइबर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

