home page

सोनीपत : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी, दो गिरफ्तार

 | 
सोनीपत : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी, दो गिरफ्तार


सोनीपत, 31 मार्च (हि.स.)। सोनीपत

में ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 27 लाख 39 हजार 500 रुपये की साइबर ठगी करने

वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मंगलवार को पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। थाना साइबर की टीम

ने दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान रोहिणी दिल्ली

निवासी विक्की और उत्तम नगर दिल्ली निवासी लाला तेंदु के रूप में हुई।

इस संबंध में कुंडली

निवासी मनीष ने पिछले साल 15 अक्टूबर को थाना साइबर में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि

23 अगस्त 2025 को मोबाइल पर व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को वैनगार्ड

ट्रेडिंग कंपनी का सदस्य बताकर अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश का लालच

दिया। आरोपियों ने लगातार व्हाट्सएप चैट और कॉल के जरिए भरोसा जीतकर ट्रेडिंग वॉलेट

में पैसे जमा कराने के लिए कहा और लाभांश का झांसा दिया। आरोपियों ने एक लिंक भेजा।

उनके कहने पर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में पैसे स्थानांतरित किए और कुछ राशि नकद भी

जमा कराई। हर लेनदेन का स्क्रीनशॉट भी मांगा गया। बाद में आरोपियों ने ट्रेडिंग डैशबोर्ड

की लॉगिन आईडी ब्लॉक कर दी। इसके बाद रोज व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये और निवेश के

लिए दबाव बनाया गया। एक सितम्बर से 12 सितम्बर 2025 के बीच पीड़ित से 27 लाख 39 हजार

500 रुपये ठग लिए गए। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।

प्रबंधक

निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक कृष्ण, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र,

सहायक उप निरीक्षक संजय, सिपाही सुमित और मुख्य सिपाही विनोद की टीम ने त्वरित कार्रवाई

करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज करा

दिए और उनके पास से 1200 रुपये बरामद किए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना