home page

यमुनानगर : संदिग्ध ऐप्स से रहें सावधान, साइबर ठगी को लेकर पुलिस की चेतावनी

 | 
यमुनानगर : संदिग्ध ऐप्स से रहें सावधान, साइबर ठगी को लेकर पुलिस की चेतावनी


यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर जिला पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने साइबर ठगी के नए तरीकों को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ठग अब सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों तक पहुंच बना रहे हैं। वे खुद को बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि या परिचित बताकर विश्वास जीतते हैं और फिर लालच देकर मोबाइल में संदिग्ध एप्लिकेशन डाउनलोड करवाते हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बुधवार काे बताया कि ठगी के लिए अक्सर(एपीके) एंड्रॉइड एप्लिकेशन पैकेज की फाइल भेजी जाती है, जिसे इंस्टॉल करते ही मोबाइल की निजी जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकती है। इस तरह के फाइलों में छिपे हानिकारक सॉफ्टवेयर मोबाइल के कैमरा, माइक्रोफोन, संपर्क सूची, बैंकिंग ऐप्स और ओटीपी तक की जानकारी प्राप्त कर लेते हैं। कई मामलों में ठग मोबाइल को दूर से संचालित कर खाते से रकम भी निकाल लेते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में पीड़ित को देर से जानकारी मिलती है, जब तक आर्थिक नुकसान हो चुका होता है। देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एडवाइजरी में लोगों को बिनी किसी जानकारी के स्रोतों से प्राप्त किसी भी फाइल या लिंक को डाउनलोड न करने की सलाह दी गई है। केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करने और वित्तीय लेन-देन में सावधानी बरतने पर जोर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार