सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा रोहतक, तड़के से मंदिरों में लगी कतारें
रोहतक, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए सुबह तड़के से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने शुरू हो गए। सूर्योदय से पहले ही शहर के प्रमुख शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं।
मंदिरों में हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ओम नम: शिवाय के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, दही, शहद, पुष्प और फल अर्पित किए तथा परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
शहर के शिवालय मंदिर, दुर्गा भवन मंदिर, गुफा वाले मंदिर और नानू वाले मंदिर समेत शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवाए गए।
महिलाओं और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल और दूध चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
भासु धाम मंदिर में भी उमड़ी भीड़
सांपला स्थित भासु धाम मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बढ़ गई थी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक किया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गईं। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कांवड़ियों के लिए भी तैयारियां शुरू
सावन में हरिद्वार और अन्य तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों के स्वागत के लिए भी तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कांवड़ियों के ठहरने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में भोजन, पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी कांवड़ियों की सेवा के लिए आगे आ रही हैं।
शिव आराधना से पूरी होती हैं मनोकामनाएं : महंत राजा राम
नानू वाले मंदिर के महंत राजा राम ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। सावन में भगवान शिव की श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा करने वाले भक्तों को भोलेनाथ का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पूजा से मन को शांति मिलती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

