हिसार में आयाेजित कृषि मेले में एक लाख सात हजार किसानों ने की शिरकत
41 लाख रुपए से अधिक की खरीफ फसलों के बीज व अन्य उत्पादों की बिक्रीहिसार, 24 मार्च (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला खरीफ में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के एक लाख सात हजार से अधिक किसानों ने भाग लिया। किसानों ने मेले में उन्नत किस्म के बीजों, कृषि विधियों, सिंचाई यंत्रों, कृषि मशीनरी आदि की जानकारी भी हासिल की। दो दिवसीय मेले के दौरान 41 लाख 23 हजार 820 रूपये के बीज, कृषि साहित्य व अन्य उत्पादों की बिक्री हुई।विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश यादव ने मंगलवार काे बताया कि मेले में किसानों ने करीब 39 लाख 20 हजार रुपये के खरीफ फसलों के प्रमाणित बीज तथा करीब 61 हजार 500 रूपए के फलदार पौधे व सब्जियों के बीज खरीदें। बीजों के अलावा किसानों ने 74 हजार 170 रुपये के जैव उर्वरक तथा 35 हजार रुपये का कृषि साहित्य भी खरीदा। कृषि मेले में मिट्टी व पानी जांच सेवा का लाभ उठाते हुए मिट्टी व पानी के 435 नमूनों की जांच करवाई गई। मेले में 28 हजार 800 रूपए के टिश्यू कल्चर प्लांट भी बेचे गए। इसके अलावा मेले में सब्जी वर्गीय फसलों की 25 हजार से अधिक गुणवत्तापूर्ण पौध की बिक्री की गई।संयुक्त निदेशक विस्तार डॉ. सुनील ढांडा ने बताया कि मेले में लगाई गई कृषि-औद्योगिक प्रदर्शनी किसानों के आकर्षण का विशेष केन्द्र रही। इस प्रदर्शनी में कुल 250 स्टॉलें लगाई गई। मेले के अन्तिम दिन बीज बिक्री केन्द्रो एवं स्टालों पर किसानों की भारी गहमा-गहमी रही। प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान किसानों और वैज्ञानिकों के बीच हुए संवाद के अलावा कृषि में उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

