पानीपत : विदेश भेजने के नाम पर 30 लाख रुपए ठगे
पानीपत, 02 अप्रैल (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधडी कर ठगों ने दो युवकों से 30 लाख रुपए हड़प लिए। थाना शहर पुलिस द्वारा जांच के बाद झज्जर निवासी आरोपी अनिल कुमार और उसके बेटे जतिन कादियान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही सभी तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता सौरभ, जो पानीपत के सुखदेव नगर में इटर्नल वर्ल्ड इमिग्रेशन के नाम से आईईएलटीएस और पीटीई कोचिंग सेंटर चलाते हैं, ने गुरुवार काे बताया कि आरोपी अनिल और जतिन अक्सर उनके ऑफिस आते थे। उन्होंने खुद को हायरिंग हब प्राइवेट लिमिटेड वजीरपुर, दिल्ली का संचालक बताया और दावा किया कि वे अब तक सैकड़ों बच्चों को वर्क वीजा पर विदेश भेज चुके हैं। सौरभ ने विश्वास में आकर अपने दोस्त रवि के दो जानकार कुरुक्षेत्र निवासी रजत व अंबाला निवासी जसविंदर को इन आरोपियों से मिलवाया आरोपियों ने दोनों को क्रोएशिया भेजने के लिए 30 लाख रुपए में सौदा तय किया। आरोपियों ने झांसा दिया कि सारी कागजी कार्रवाई के लिए पैसे एडवांस देने होंगे।जांच में सामने आया कि पीड़ितों ने आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में पैसे दिए। जिनमें जसविंदर ने पांच जून 2024 को दिल्ली एम्बेसी के बाहर आठ लाख 37 हजार 600 रुपए नकद दिए और पांच लाख 50 हजार रुपए अपने दादा के खाते से आरोपियों की फर्म के खाते में आरटीजीएस करवाए। रजत ने जुलाई/अगस्त में 15 लाख रुपए दिए, जिन्हें सौरभ के माध्यम से आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों (अनिल कुमार, जोगेश, रितू, अशोक कुमार आदि) में ट्रांसफर किया गया।आरोपियों ने पीड़ितों को दिल्ली और मुंबई एम्बेसी ले जाकर औपचारिकताएं भी पूरी करवाई, ताकि उन्हें शक न हो। दिसंबर 2024 में आरोपियों ने बताया कि वीजा रिजेक्ट हो गया है और दोबारा अप्लाई करने का झांसा देकर समय टालते रहे। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कहा कि उनके संबंध बड़े गैंगस्टरों से हैं। थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

