home page

जींद : बाइक सवार लुटेरों ने चार लोगों को लूटा

 | 
जींद : बाइक सवार लुटेरों ने चार लोगों को लूटा


जींद, 13 जून (हि.स.)। उचाना थाना इलाके में शुक्रवार रात बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने सिलसिलेवार अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों से चाकू के बल पर नकदी समेत अन्य सामान को लूट लिया। घटनाओं की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास क्षेत्र में सर्च अभियान भी चलाया लेकिन बाइक सवारों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।

गांव बुढाखेड़ा निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह उज्जीवन बैंक मेें कार्यरत है। शुक्रवार रात वह गांव घोघडिय़ा से बधाना की तरफ जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और चाकू के बल पर बाइक की चाबी तथा घड़ी छीन ली। वहीं गांव नगूरां निवासी सुशील से बधाना रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने पांच हजार रुपये की नगदी लूट ली। उधर, गांव बडौदा निवासी सुशील से गांव भौंगरा बड़ौदा रोड पर चाकू दिखा कर तीन युवकों ने दस हजार रुपये की नगदी लूट ली। वहीं गांव छात्तर निवासी सलिंद्र उचाना में अपने वीटा बूथ को बंद कर बाइक से घर लौट रहा था।

गांव करसिंधु के निकट बाइक सवार तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चार हजार रुपये की नगदी छीन ली और मोबाइल फोन को तोड़ दिया। लुटेरे युवकों ने गांव छात्तर के व्यक्ति के पास फोन कर सलिंद्र पर मारपीट के आरोप लगाए। शनिवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि कैमरों की फूटेज को खंगाला जा रहा है। घटनाओं की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार युवकों को तलाशा भी लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। पीड़ितों की शिकायतों पर उचाना थाना पुलिस मामलों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा