यमुनानगर:अपराध नियंत्रण और शिकायत निस्तारण पर पुलिस की सख्ती
यमुनानगर, 01 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में थाना शहर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने रविवार को थाना परिसर में तैनात सभी अनुसंधान अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशों के तहत आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण और शिकायतों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना प्रभारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आदतन अपराधियों की नियमित जांच करते हुए उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने को भी कहा गया। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम विंडो, सीएम विंडो तथा हरसमय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने पर बल दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि फरियाद लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो सके।अधिकारियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग में दक्ष रहने तथा उच्च अधिकारियों द्वारा मांगी गई रिपोर्ट और जवाब समय पर भेजने के निर्देश भी दिए गए। थाना क्षेत्र में चोरी, गृहभेदन और वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने और सघन चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

