कैथल: किशोर की हत्या मामले में एक और नाबालिग काबू, अब तक सात आरोपी पकड़े
कैथल, 13 अप्रैल (हि.स.)। गुहला क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में किशोर नवराज की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और नाबालिग को काबू किया है। इस मामले में अब तक 5 नाबालिग सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना गुहला के एसएचओ पीएसआई शनेष कुमार की टीम द्वारा मामले की जांच करते हुए खरका निवासी 17 वर्षीय किशोर को निरुद्ध किया गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि रामथली निवासी लवप्रीत उर्फ लब्बी और पक्की पिसौल निवासी विनीत के बीच स्कूल में वॉलीबॉल मैच के दौरान विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद रामथली से लदाना चक्कू माइनर के पास दोनों गुटों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें चाकू लगने से खरका निवासी नवराज की मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें पांच नाबालिग शामिल हैं। ताजा पकड़ा गया किशोर भी वारदात में शामिल था। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

