कैथल: जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर कराेड़ाें की धोखाधड़ी, केस दर्ज
कैथल, 25 अप्रैल (हि.स.)। गांव प्यौदा में जमीन दिलाने के नाम पर छह लोगों द्वारा एक व्यक्ति से तीन कराेड़ 49 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है । इसकी शिकायत तितरम थाना पुलिस में दी गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिला सोनीपत के गोहाना निवासी दीपक ने तितरम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमरावती एन्क्लेव पंचकूला निवासी राधा कृष्ण आर्य ने करीब 10 साल पहले उसके पिता राजेंद्र सिंह को साढ़े चार एकड़ खेती योग्य भूमि गांव बेलगढ़ जिला यमुनानगर में दिलवाई थी।
इसी कारण ही उनका राधा कृष्ण पर विश्वास बढ़ गया था। राधा कृष्ण के साथ उसके पिता के पारिवारिक रिश्ते बन गए थे। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए राधाकृष्ण ने नई जमीन दिलाने का झांसा दिया। शिकायत में दीपक ने बताया कि राधा कृष्ण और उसके पुत्र यशवीर सिंह, सुनील कुमार हरसौला का भी उनके घर गोहाना में आना जाना था।
राधा कृष्ण व सुनील ने उसे व उसके पिता को बताया कि गांव हरसौला व प्यौदा में खेती योग्य जमीन बिकाऊ है। वहां पर 22 एकड़ जमीन 18 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से व 12 एकड़ 30 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मिल जाएगी। 34 एकड़ जमीन गांव प्यौदा व हरसौला के किसानों से वह उन्हें दिलवा देंगे। वे आरोपितों की बातों में आ गए और जमीन का इकरारनामा करवाने के लिए आरोपितों को अलग-अलग समय में रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपितों ने जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाकर दे दी। जब उन्होंने रजिस्ट्री को जांच कराई तो यह फर्जी पाई गई। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपितों को अलग-अलग तिथियों में चेक व आरटीजीएस के माध्यम से कुल छह करोड़ 42 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। ये राशि मौसी, मौसा, बहन और पिता के बैंक खातों से भेजी गई थी। पुलिस जांच में तीन करोड़ 49 लाख रुपये की धोखाधड़ी की पुष्टि सामने आई है। तितरम पुलिस थाना प्रभारी रवि ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गांव प्यौदा निवासी सुनील, प्रदीप, राजेश, पंचकूला निवासी राधा कृष्ण, रामकुमार व तुला देवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
---------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

