home page

कैथल: मजदूर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 | 
कैथल: मजदूर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 02 जून (हि.स.)।

गांव भाणा में मजदूर की हथौड़े से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह और थाना पूंडरी एसएचओ इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्याणी छपरा, जिला शिवहर, बिहार निवासी उमेश दास को गांव पाई से काबू किया।

शिकायतकर्ता बिहार निवासी राकेश ने बताया कि वह उमेश दास और कामेश्वर दास के साथ पिछले 15-20 दिनों से गांव भाणा में गन्ना बंधाई का काम कर रहा था और तीनों खेत में बने ट्यूबवेल कोठे पर रह रहे थे। 31 मई की रात करीब नाै बजे उमेश दास और कामेश्वर दास के बीच पैसों और डायरी को लेकर विवाद हो गया।

राकेश के अनुसार उसने दोनों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन झगड़ा बढ़ता गया। इसी दौरान उमेश दास ने कोठे में पड़े हथौड़े से कामेश्वर दास के सिर और कमर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर घायल को पूंडरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और उमेश दास को शक था कि मृतक ने उसकी जेब से तीन हजार रुपये निकाले हैं। इसी शक के चलते विवाद बढ़ा और उसने हत्या कर दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना पूंडरी में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे