कैथल अस्पताल में युवक पर हमले का आरोपी मुठभेड़ में काबू
कैथल, 18 अगस्त (हि.स.)। जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दो युवकों पर चाकू व पेचकस से जानलेवा हमला करने के मामले में कैथल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद कैथल लाते समय असंध रोड पर मंडवाल माइनर के पास आरोपी ने पुलिस टीम से सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव क्योड़क निवासी गोविंद के रूप में हुई है। सोमवार को गोविंद अपने साथी के साथ जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा था। दोनों ने वहां दो युवकों पर चाकू और पेचकस से हमला कर दिया था। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर अपराध जांच शाखा-1 (सीआईए)और विशेष जासूसी इकाई (एसडीयू)की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोविंद को उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए शामली में जाकर छिप गया था। पुलिस टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार करने के बाद कैथल ला रही थी। इसी दौरान मंगलवार अलसुबह करीब तीन बजे असंध रोड पर मंडवाल माइनर के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवाई। नीचे उतरते ही उसने अपराध जांच शाखा-1 की टीम में तैनात एक पुलिस कर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
आरोपी ने करीब छह राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पुलिस वाहन में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद सीआईए-1 के प्रभारी जसवंत सिंह और एसडीयू के सहायक उपनिरीक्षक तरसेम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और एक-एक हवाई फायर किया।
पुलिस के अनुसार चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन-तीन राउंड फायर किए। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गोविंद के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और मारपीट सहित करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। अस्पताल में हुए हमले में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर अस्पताल में हमले की वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

