कैथल: भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ दो तस्कर काबू
कैथल, 26 मई (हि.स.)। जिला पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त और एक किलो 56 ग्राम चरस बरामद की है।
पहला मामला सीआईए-1 टीम से जुड़ा है। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव बाता निवासी एक युवक मोटरसाइकिल पर चरस की तस्करी करता है और कलायत से अंबाला की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तितरम क्षेत्र के प्यौदा चौक, एनएच-152 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से एक किलो 56 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरी कार्रवाई नशा मुक्ति जागरूकता टीम कम एंटी नारकोटिक सैल-2 द्वारा की गई। टीम को सूचना मिली कि रत्ताखेड़ा लुकमान गांव निवासी साहब सिंह अपने घर से डोडा पोस्त बेचता है। सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी और उसे काबू कर लिया। मौके पर राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें दो प्लास्टिक कट्टों से 25 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले दो महीनों में पुलिस ने 36 मामलों में 54 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से सात मामले व्यावसायिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) के हैं, जिनमें 10 आरोपी पकड़े गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

