कैथल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपियों के मकान ढहाए
कैथल, 28 जुलाई (हि.स.)। कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरटा रोड स्थित तीन आरोपियों के मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। पुलिस का दावा है कि ये मकान नशा तस्करी से अर्जित धन से बनाए गए थे और अवैध कब्जे वाली जमीन पर निर्मित थे। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जुट गए थे।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई सिरटा रोड निवासी बलराज, सुखदेव और काला के मकानों पर की गई। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। संभावित विरोध को देखते हुए पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। डीएसपी बीरभान, शहर थाना प्रभारी गीता और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
डीएसपी बीरभान ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नशा तस्करी से कमाए गए धन से मकानों का निर्माण कराया था। साथ ही संबंधित निर्माण अवैध भूमि पर भी पाए गए। इसके बाद प्रशासन के सहयोग से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार विजेंद्र हुड्डा ने बताया कि मकान मालिकों को पहले नोटिस जारी किए गए थे और अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया था। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार मकानों को गिराया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि संबंधित लोग नशे का सेवन करते थे, लेकिन तस्करी नहीं करते थे।
वहीं पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

