home page

कैथल: ट्रक के नीचे सो रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत

 | 

कैथल, 26 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव थेह मुकेरिया में एक दर्दनाक हादसे में ट्रक के नीचे सो रहे युवक की कुचल कर मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 25 वर्षीय टिंकू के रूप में हुई है, जो गांव के एक ढाबे पर सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था।

जानकारी के अनुसार, टिंकू रोज की तरह ढाबे पर काम निपटाने के बाद आराम करने के लिए वहां खड़े एक ट्रक के नीचे सो गया। इसी दौरान ट्रक चालक बिना आसपास देखे वाहन स्टार्ट कर चल पड़ा। जैसे ही ट्रक आगे बढ़ा, उसका टायर युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। मृतक के भाई काली के बयान पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों के अनुसार, टिंकू ढाबे पर बर्तन साफ करने का काम करता था। ढाबे पर ट्रक चालकों का आना-जाना लगा रहता था। काम खत्म करने के बाद वह अक्सर वहीं आराम कर लेता था। गुहला थाना के एसएचओ सनेष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे